![]()
प्रतापगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन फटने से 15 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना रविवार को हुई थी। किशोर की मौत के बाद से परिवार में मातम पसरा है, और पूरे गांव में शोक का माहौल है। सोमवार दोपहर जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, बहुता गांव निवासी उदयभान वर्मा का 15 वर्षीय बेटा विपिन वर्मा गांव के ही प्यारे लाल पटेल की भतीजी की शादी में शामिल होने गया था। समारोह में मेहमानों के लिए कॉफी मशीन लगाई गई थी। अचानक तेज धमाके के साथ कॉफी मशीन फट गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि विपिन उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी का माहौल गमगीन हो गया। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत घायल विपिन को इलाज के लिए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल ले गए। वहां कई दिनों तक उसका उपचार चला। हालांकि, उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी, और रविवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
मृतक विपिन अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह कक्षा 8 का छात्र था। उसके पिता उदयभान वर्मा मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। विपिन के बड़े भाई अभिषेक वर्मा और बहन ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की असामयिक मौत से परिवार सदमे में है। सोमवार दोपहर किशोर का शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पर जमा हो गए। मां सहित परिजनों का विलाप देखकर सभी की आंखें नम हो गईं। बाद में परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए इब्राहिमपुर घाट ले गए, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
Source link
शादी समारोह में कॉफी मशीन फटी, किशोर की मौत:तेज धमाके से चपेट में आकर झुलसा, प्रतापगढ़ में इलाज के दौरान तोड़ा दम