शादी में जनरेटर के करंट से बच्ची की मौत:मऊ में बारिश के बाद झालर से छत पर उतरा करंट, एक युवती घायल


मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कोटिया गांव में शुक्रवार शाम एक शादी समारोह के दौरान हुए हादसे में 10 वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना में एक युवती भी घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा केशव राम के घर उनकी बेटी अंजलि की शादी के कार्यक्रम के दौरान हुआ। शाम करीब 6 बजे तेज बारिश के कारण लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे। बारिश रुकने के बाद घर की छत पर लगे झालर (सजावटी लाइट) में करंट फैल गया। मृतक बच्ची की पहचान सेमरीडांड़, घोसी थाना क्षेत्र निवासी रिया (10) के रूप में हुई है। वह अपने मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थी। बताया जा रहा है कि छत पर लगी रेलिंग को पकड़ते ही वह जनरेटर से जुड़े झालर के करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान केशव राम की पुत्री अंशु (22) भी छत पर पहुंची और उसे हल्का करंट लगा। परिजनों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका रिया के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा जनरेटर से फैले करंट के कारण होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *