![]()
नेपाल के पहाड़ी इलाकों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण बहराइच में घाघरा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 29 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे महसी तहसील के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जोथेपुरवा, महंत पुरवा और टंच जगल समेत कई गांवों में पानी पहुंचने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरों के आसपास पानी भरने और रास्ते डूबने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। घाघरा का जलस्तर बढ़ने से कई तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। कुछ स्थानों पर संपर्क मार्ग भी जलमग्न हो गए हैं। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। घरों के आसपास पानी जमा होने से लोगों में भी डर का माहौल है। खाने-पीने और सुरक्षित ठिकाने की चिंता ग्रामीणों के सामने अब भोजन-पानी के साथ सुरक्षित स्थान पर रहने की चुनौती भी खड़ी हो गई है। उनका कहना है कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यदि पानी बढ़ने का सिलसिला जारी रहा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। बाढ़ के कारण पशुओं के लिए चारे का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित गांवों में राहत और बचाव की व्यवस्था बढ़ाने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है। प्रशासन बोला- लगातार निगरानी उप जिलाधिकारी महसी राजेश अग्रवाल ने बताया कि तहसील प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। कुछ गांवों के किनारे पानी पहुंचने की सूचना मिली है। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार मदद भेजी जा रही है।
Source link
बहराइच में घाघरा खतरे के निशान से 29 सेमी ऊपर:महसी के कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी; रास्ते डूबे, चारे और सुरक्षित ठिकाने का संकट