शांतिपूर्वक निकला मोहर्रम जुलूस:पर्दा हटाने पहुंचे हिंदू नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, मंदिर का हिस्सा फिर ढका गया


बुधवार रात शहर में मोहर्रम का आठवें दिन का जुलूस भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। शाम को शहर के अबूपुरा से शुरू हुआ जुलूस प्रेमपुरी, भगतसिंह रोड, शिव चौक, रुड़की रोड और नवलटी चौक होते हुए देर रात में मोती महल पहुंचकर समाप्त हुआ। पूरे जुलूस मार्ग पर पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की कड़ी निगरानी रही। जुलूस देर रात शहर के सबसे संवेदनशील स्थल शिव चौक पहुंचा। इससे पहले एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और जुलूस के शिव चौक से पूरी तरह गुजरने तक स्वयं मौके पर डटे रहे। संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इस बार शिव चौक स्थित शिव मंदिर के जुलूस मार्ग की ओर वाले हिस्से को लाल पर्दे से ढका गया था, जिसे लेकर दिनभर विवाद भी बना रहा। सूचना मिलने पर शिवसेना और संयुक्त हिंदू मोर्चा के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मंदिर पर लगाया गया पर्दा हटाकर पुलिस चौकी में रख दिया। नेताओं का आरोप था कि यह हिंदू आस्था के साथ छेड़छाड़ है और प्रशासन नई परंपरा शुरू करने का प्रयास कर रहा है। हालांकि, इस दौरान पुलिस और हिंदू संगठनों के नेताओं के बीच काफी देर तक बहस भी हुई। बाद में पुलिस ने पर्दा हटाने वाले नेताओं को हिरासत में लेकर कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद प्रशासन ने मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर के उसी हिस्से को दोबारा पहले की तरह लाल पर्दे से ढक दिया, जहां से जुलूस गुजरना था। पुलिस का कहना था कि यह व्यवस्था केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील स्थान पर एहतियात के तौर पर की गई थी। वहीं, घटना के बाद पर्दा हटाने पहुंचे कुछ हिंदू नेताओं की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाएं तेज रहीं और उनकी आलोचना होती दिखाई दी। देर रात मोहर्रम का जुलूस बिना किसी अप्रिय घटना के सकुशल संपन्न हो गया। प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *