![]()
कानपुर में लगातार दो दिन से हो रही बारिश के बाद गुरुवार को भी कानपुर में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे तक शहर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार एक जून से पांच अगस्त तक कानपुर नगर में 374.6 मिमी बारिश हुई है। जबकि सामान्य तौर पर 334 मिमी होना चाहिए। अभी तक 12 प्रतिशत बारिश ज्यादा हुई है। सामान्य से कम रहा तापमान बुधवार को शहर में 64.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके चलते अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत रही। बीते 24 घंटे में 64.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। दो दिन तक बारिश की संभावना मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की ट्रफ लाइन इस समय राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्वोत्तर राज्यों तक फैली हुई है। इसके साथ कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय हैं, जिससे कानपुर मंडल में अगले दो दिनों तक बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। दो दिन में 150 मिमी बारिश रिकार्ड डॉ. पांडेय ने बताया कि पिछले दो दिनों में कानपुर में करीब 150 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। यदि मौजूदा मौसमी सिस्टम इसी तरह सक्रिय रहे तो गुरुवार और शुक्रवार को भी कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। 24 घंटे में 12 सेमी बढ़ी गंगा गंगा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में जलस्तर 12 सेमी तक बढ़ गया। शुक्लागंज में जलस्तर 112.04 मीटर रहा जो कि चेतावनी बिंदु से 96 सेमी दूर है। यहां पर चेतावनी बिंदु 113 मीटर व खतरे का निशान 113 मीटर पर है।
Source link
शहर में बारिश का अलर्ट, सुबह से बादल छाए:आने वाले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना, गंगा का जलस्तर बढ़ा