![]()
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र के चंदेना कोली गांव निवासी एक युवक को फर्जी एसटीएफ अधिकारी बनकर अगवा करने के प्रयास के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बुधवार देर रात को मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि उत्तराखंड रोडवेज में नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए दो लाख रुपये वापस मांगने की रंजिश में आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसका अपहरण करने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना देवबंद के ग्राम चंदेना कोली निवासी अंकित कुमार ने एसीजेएम देवबंद न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके परिचित विकल्प कुमार ने उत्तराखंड रोडवेज में संविदा कर्मचारी की नौकरी लगवाने के लिए मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गुनिया जुड्डी निवासी मुकेश सैनी को दो लाख रुपये दिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो वह विकल्प कुमार के साथ कई बार रुपये वापस मांगने गया। इसी बात से आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। याचिका के अनुसार, 18 जून 2026 की शाम करीब छह बजे वह खेत पर था। आरोप है कि मुकेश सैनी चार अज्ञात लोगों के साथ काले रंग की हूटर लगी बोलेरो में गांव पहुंचा। पहले घर पर खुद को उत्तराखंड एसटीएफ का कर्मचारी बताकर उसके बारे में जानकारी ली और फिर खेत पर पहुंच गया। वहां मुकेश ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया जबकि साथ आए अन्य लोगों ने भी हथियार निकाल लिए। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वीडियो बनाई गई और जबरन बोलेरो में बैठाकर ले जाया गया। अंकित का कहना है कि भायला गांव के पास डिग्री कॉलेज और इंटर कॉलेज के सामने भीड़ होने के कारण बोलेरो की रफ्तार धीमी हुई तो उसने मौका देखकर वाहन की खिड़की खोलकर छलांग लगा दी। वहां मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित का दावा है कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। पीड़ित के अनुसार, उसने उसी समय डायल-112 पर सूचना दी और अगले दिन देवबंद थाने में शिकायत भी दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बाद में एसएसपी को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई, लेकिन सुनवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। एसीजेएम देवबंद के आदेश पर देवबंद थाना पुलिस ने मुकेश सैनी और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में केस दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
Source link
सहारनपुर में फर्जी STF अधिकारी बनकर युवक का अपहरण:नौकरी दिलाने के नाम पर लिए थे पैसे, तमंचे बल पर डराने की कोशिश, कोर्ट के आदेश पर FIR