![]()
ललितपुर में शराब पीने के लिए पैसे मांगने का विरोध एक परिवार पर भारी पड़ गया। आरोप है कि सात लोगों ने युवक पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे उसके माता-पिता को भी पीट दिया गया। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय पिता की झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। घटना मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। मोहल्ला सिद्धनपुरा निवासी 38 वर्षीय कृष्णपाल यादव बुढ़वार रोड स्थित आईटीआई कॉलेज के पास एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने गए थे। आरोप है कि वहां इंदल सिंह यादव, उसके भाई पुष्पेंद्र यादव, प्रधान यादव, चंचल यादव (नेहरू नगर), दीपक यादव (बंदरगुढ़ा), सनत परिहार और राज राजा (दोनों इलाइट चौराहा निवासी) लाठी-डंडे और सरिया लेकर पहुंच गए। शराब के लिए पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद आरोप है कि इंदल यादव ने कृष्णपाल से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। कृष्णपाल के इनकार करने पर सभी आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे माता-पिता को भी पीटा हमले की सूचना मिलने पर कृष्णपाल के 60 वर्षीय पिता घनश्याम यादव और 55 वर्षीय मां गुड्डी यादव बुढ़वार गांव से ललितपुर की ओर आ रहे थे। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने उन्हें भी रोक लिया और लाठी-डंडों व सरियों से मारपीट की। हमलावर तीनों को मरा समझकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां मंगलवार शाम करीब 7 बजे उपचार के दौरान घनश्याम यादव की मौत हो गई। दो घायलों की हालत गंभीर घायल कृष्णपाल यादव और उनकी मां गुड्डी यादव का उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के संबंध में कृष्णपाल की पत्नी किरन की तहरीर पर पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि मारपीट में घायल घनश्याम यादव की झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, स्वॉट और स्थानीय पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Source link
शराब के लिए पैसे न देने पर पिता-पुत्र पर हमला:ललितपुर में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत, 7 आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित