![]()
लखनऊ व्यापार मंडल ने शनिवार को लाटूश रोड स्थित अपने कार्यालय में अग्नि सुरक्षा जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें होटल, रेस्टोरेंट और विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने की। मुख्य अतिथि मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल और चौक अग्निशमन विभाग के अधिकारी पुष्पेंद्र यादव रहे। उन्होंने व्यापारियों को आग लगने की घटनाओं से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का प्रदर्शन किया इस कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा अग्निशमन उपकरणों का सीधा प्रदर्शन रहा। अधिकारियों ने मौके पर ही फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का प्रदर्शन किया और व्यापारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। व्यापारियों ने भी इन सुरक्षा उपकरणों के संचालन की जानकारी प्राप्त की। व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने इस अवसर पर कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा जनहानि से बचाव तथा अपने प्रतिष्ठानों, कर्मचारियों और करोड़ों रुपये की संपत्ति की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है। उन्होंने जोर दिया कि व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सुविधाएं और पर्याप्त समय भी मिलना चाहिए। मानकों को पूरा करने में विभाग हरसंभव सहयोग मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा मानकों को पूरा करने में विभाग हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि जागरूकता और उचित प्रशिक्षण से आगजनी की घटनाओं में होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने को प्रत्येक व्यापारी की जिम्मेदारी बताया। राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव की आवश्यकता की बात कही।
Source link
व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा का लाइव डेमो दिया गया:लखनऊ व्यापार मंडल ने जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया