![]()
बलरामपुर के सदर तहसील सभागार में जिला युवा बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर अयोध्या स्थित मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने न्याय और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। समारोह की शुरुआत शपथ ग्रहण से हुई। विशेष सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) अवधेश कुमार ने अध्यक्ष और महामंत्री को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनूप कुमार पांडे ने अन्य निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मृगेंद्र उपाध्याय और महामंत्री श्याम सुंदर मिश्र सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान जयनारायण पांडे ने सभी पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार श्रीवास्तव ने बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति न्याय की उम्मीद लेकर अधिवक्ताओं के पास आता है, इसलिए अधिवक्ताओं का दायित्व है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्द्र यादव ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा नेतृत्व अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करेगा और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। अपने आशीर्वचन में महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि अधिवक्ताओं का कार्य केवल मुकदमों की पैरवी तक सीमित नहीं है। उन्हें पीड़ित और वंचित लोगों को न्याय दिलाने की दिशा में ईमानदारी से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से निष्पक्षता, सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। समारोह के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार मिश्रा ने सभी विजयी पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर जिला बार संघ के अध्यक्ष मुर्तुजा हुसैन, महामंत्री संजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
वैदिक मंत्रों के बीच युवा बार एसोसिएशन ने ली शपथ:महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा- निष्पक्षता, सेवा और समर्पण के साथ काम करें