पनकी में तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ पेड़ से टकराई:कार सीख रहे दो नाबालिग बाल-बाल बचे, हल्की चोट आई


कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रतनपुर चौकी के पास स्टेडियम के सामने कार चलाना सीख रहे दो नाबालिग लड़कों की होंडा आई-20 अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि दोनों किशोरों को मामूली चोटें आईं और कोई जनहानि नहीं हुई। रतनपुर चौकी के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार दो नाबालिग लड़के होंडा आई-20 कार से काशीराम चौराहे से कैंब्रिज चौराहे की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनमें से एक किशोर कार चलाना सीख रहा था। जब कार रतनपुर चौकी के पास स्थित स्टेडियम के सामने पहुंची, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित कार सड़क के बीच बने डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी ओर निकल गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कार से बाहर निकाला प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने कार में मौजूद दोनों किशोरों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पनकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। घायल किशोरों को प्राथमिक उपचार दिया गया। कार किसकी है, जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार किसकी है और नाबालिगों के हाथ में वाहन कैसे पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेडियम के आसपास का इलाका काफी व्यस्त रहता है। यदि हादसे के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। थाना प्रभारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई पनकी थाना प्रभारी दिनेश विष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वाहन स्वामी और संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। दुर्घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *