विश्व पर्यावरण दिवस पर 5-करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य-राज्यमंत्री अरुण कुमार:फर्रुखाबाद में पौधा लगाकर लोगों से पर्यावरण संरक्षण करने की अपील की


उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना शुक्रवार को फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी डॉ. रजनी सरीन के आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इसके बाद विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जानकारी के अनुसार, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी डॉ. रजनी सरीन की तबीयत कुछ समय से खराब चल रही है। उन्हें ब्रेन ट्यूमर की समस्या थी, जिसका ऑपरेशन भी हो चुका है। राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना उनके लोहाई रोड स्थित आवास पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी भी मौजूद रहे। इसके बाद मंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर निनौआ स्थित वन चेतना केंद्र में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने सदर विधायक के साथ पौधे लगाकर लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। डॉ. सक्सेना ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस परिसर और उसके आसपास विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिससे वहां आने वाले लोगों को छाया और बेहतर वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *