![]()
लखनऊ के गोमती नगर स्थित महामना मालवीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहयोग में भगवान कृष्ण जन्मोत्सव पर मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गोमती नगर के बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने खेलों और मटकी फोड़ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान कृष्ण से जुड़ी प्रश्नोत्तरी से हुई। बच्चों से गीता, महाभारत, स्वामी विवेकानंद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े पांच सवाल पूछे गए। बच्चों से पूछा गया कि भगवान कृष्ण ने गीता का उपदेश कहां दिया था? महाभारत ग्रंथ का मूल नाम क्या था? महाभारत का युद्ध कितने दिन चला? स्वामी विवेकानंद किस देश में विश्व हिंदू सम्मेलन में शामिल हुए थे और कब? आरएसएस की स्थापना कब हुई थी? इसके बाद बच्चों के लिए विभिन्न खेल और मटकी फोड़ कार्यक्रम हुए । बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ मटकी फोड़ने में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में अवध प्रांत के प्रांत सेवा प्रमुख डॉ. देवेंद्र अस्थाना, गोमती नगर के नगर संघ चालक महेश, नगर कार्यवाह राजीव, सह नगर कार्यवाह पवन, सुधाकर, प्रचार प्रमुख राममूर्ति, सेवा प्रमुख राजेश अद्यौलिया समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए गए। इसके साथ ही कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
Source link
लखनऊ में RSS के सहयोग से कृष्ण जन्मोत्सव:मटकी फोड़ कार्यक्रम हुए; बच्चों और बुजुर्गों ने लिया हिस्सा