एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा:पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, 109 कार्ड और 30 हजार रुपए बरामद


मुजफ्फरनगर में खालापार थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान तीनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 109 एटीएम कार्ड, 30 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, 12 मई 2026 को मेरठ रोड स्थित एसबीआई एटीएम पर एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। शुक्रवार देर रात पुलिस टीम शामली बाईपास पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाश घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम निवासी बागपत, शादाब खान निवासी दिल्ली और आसिफ निवासी बागपत के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों पर आने वाले लोगों को मदद का झांसा देकर उनके एटीएम कार्ड बदल लेते थे। बाद में उन्हीं कार्डों का उपयोग कर खातों से नकदी निकाल लेते थे। आरोपियों ने मुजफ्फरनगर, खतौली, बागपत समेत कई क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *