![]()
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में विदेश से पार्सल भेजने के नाम पर एक महिला से 3 लाख 83 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। इस मामले में साइबर सेल ने वाराणसी से एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि साइबर ठगों ने उसे विदेश से गिफ्ट पार्सल भेजने का झांसा दिया और विभिन्न खातों में ऑनलाइन 3 लाख 83 हजार रुपये जमा करवा लिए। जब उसे कोई पार्सल नहीं मिला, तो उसने फतेहपुर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। साइबर सेल प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यह ठगी 27 फरवरी 2026 को हुई थी। लगातार जांच पड़ताल के बाद टीम ने आरोपी समीर अहमद को वाराणसी से गिरफ्तार किया। समीर ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी अल्ताफ के कहने पर आधार कार्ड में गलत पता दर्ज कराकर पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और इंडियन बैंक सहित कई बैंकों में खाते खुलवाए थे। आरोपी ने बताया कि वह मोबाइल फोन के जरिए यूपीआई ऑनलाइन लेनदेन कर अल्ताफ द्वारा बताए गए खातों में पैसे भेजता था। अल्ताफ बैंक खातों में धनराशि जमा कराने के लिए बिहार के अपने परिचित युवकों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। अल्ताफ को पैसे मिलने के बाद समीर को उसका हिस्सा नकद में दिया जाता था। समीर ने यह भी बताया कि अल्ताफ ही बैंक कर्मियों से संपर्क कर मन मुताबिक बचत खाते खुलवाता था। इस मामले में समीर के बैंक खाते में जमा 1 लाख रुपये में से अल्ताफ ने उसे 9,000 रुपये का हिस्सा दिया था। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं, जिनके आधार पर टीम गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
Source link
विदेश से पार्सल के नाम पर महिला से ठगी:फतेहपुर में 3 लाख 83 हजार लूटे, एक शातिर ठग गिरफ्तार, मोबाइल-सिम बरामद