श्रावस्ती में युवक पर ब्लैकमेल-धर्म परिवर्तन का आरोप:महिला की शिकायत पर मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच


श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने दूसरे समुदाय के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाए, जबरन गर्भपात कराया और अब धर्म परिवर्तन कर साथ चलने का दबाव बना रहा है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पति मल्हीपुर क्षेत्र में जूस की दुकान चलाते हैं। पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी युवक का उसके घर आना-जाना बढ़ गया। महिला की पहचान आरोपी से एक सहेली के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि युवक ने धीरे-धीरे महिला को अपने जाल में फंसा लिया और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण किया। महिला के गर्भवती होने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसी सहेली की मदद से उसे दवा खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया। गर्भपात के बाद भी आरोपी उस पर लगातार धर्म बदलकर कर अपने साथ चलने का दबाव बनाता रहा। महिला के इनकार करने पर उसे आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता के पति ने भी आरोप लगाया है कि एक दिन उनकी अनुपस्थिति में आरोपी उनके घर आया और पत्नी पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले मल्हीपुर पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग की। इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियो ने जानकारी दी कि थाना मल्हीपुर में प्राप्त जनशिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। महिला को ब्लैकमेल कर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देने और जबरदस्ती दवा खिलाया जिससे गर्भपात हुआ, इन आरोपों में मुकदमा संख्या 0074/2026 पंजीकृत किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और चिकित्सीय अभिलेखों सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *