वाराणसी में महंगे सामान पर दुकानदार को मारी गोली:पुराने दाम पर मांगा था सामान, कंधे को चीरती हुई निकली गोली


वाराणसी में गुरूवार सुबह घर का सामान महंगा मिलने के बाद युवक की दुकानदार से बहस हो गई। दुकानदार पर कालाबाजारी और सामान महंगा होने की आरोप लगाते हुए हाथापाई कर दी। बढ़ती महंगाई को लेकर गालियां देना शुरू कर दिया। मामूली विवाद के बाद युवक ने तमंचा निकाला और परचून दुकानदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली दुकानदार के कंधे को चीरते हुए पार निकल गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नरपतपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के लूठा खुर्द गांव में लल्लू गुप्ता उम्र 75 वर्ष की एक परचून (किराने) की दुकान है। आज गांव का ही एक व्यक्ति उनकी दुकान पर सामान लेने के लिए पहुंचा था। सामान की कीमत पूछने पर जब ग्राहक को लगा कि दाम ज्यादा हैं, तो उसने बढ़ती महंगाई को लेकर दुकानदार लल्लू गुप्ता से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने आपा खो दिया और अपने पास मौजूद असलहे से लल्लू गुप्ता पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे लल्लू गुप्ता के कंधे को चीरती हुई आर-पार हो गई, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, हमलावर तमंचा लहराते हुए सभी को धमकाता रहा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ​​घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल लल्लू गुप्ता को तत्काल CHC नरपतपुर ले जाया गया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस पहुंची ​CHC नरपतपुर के प्रभारी डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि ‘लल्लू गुप्ता’ नामक एक व्यक्ति को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनके कंधे पर गोली लगी है और गोली शरीर के आर-पार हो गई है। डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि किसी बात को लेकर आपस में बहस के दौरान गोली मारी गई है, घायल व्यक्ति खतरे से बाहर है इलाज जारी है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *