वाराणसी एयरपोर्ट पर अफगान नागरिक गिरफ्तार:फर्जी भारतीय पासपोर्ट से शारजाह जाने की कोशिश, इमिग्रेशन जांच में पकड़ा गया


वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक अफगान नागरिक को फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया गया है। वह अपनी असली पहचान छिपाकर भारतीय दस्तावेज हासिल कर चुका था और वाराणसी से शारजाह जाने की तैयारी में था। अधिकारियों ने बताया कि 19 जुलाई को वाराणसी से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-183 के यात्रियों की इमिग्रेशन जांच के दौरान अधिकारियों ने भारतीय पासपोर्ट संख्या Y8558322 पर यात्रा कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में पता चला कि वह भारतीय नागरिक नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के गजनी प्रांत का रहने वाला अब्दुल रहमान ताराकी है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जनवरी 2019 में अफगान पासपोर्ट और मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा अप्रैल 2019 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद भी वह वापस नहीं लौटा और अवैध रूप से भारत में रह रहा था। भारत में अवैध रूप से रहने के लिए उसने अपनी पहचान, जन्मतिथि और माता-पिता का नाम बदलकर मुंबई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से रहमान शाह के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनवा लिया था। इमिग्रेशन अधिकारियों को उसके दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद गहन जांच और पूछताछ की गई, जिसमें उसकी असली पहचान उजागर हो गई। ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की तहरीर पर फूलपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता, पासपोर्ट अधिनियम और आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र सहित कई दस्तावेज बरामद हुए। इसके अलावा 750 अमेरिकी डॉलर, 2255 यूएई दिरहम, 2060 अफगानी मुद्रा और 3110 रुपये नकद भी मिले। इस बारे में फूलपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संबंधित एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि फर्जी पासपोर्ट बनवाने में किसने उसकी मदद की थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *