लोधेश्वर महादेवा में सावन के दूसरे सोमवार पर जनसैलाब:बाराबंकी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु


बाराबंकी के प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह से ही बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। सावन के दूसरे सोमवार को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्था संभाल रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी न हो। तड़के से लगी कतारें, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर सोमवार सुबह से ही लोधेश्वर महादेवा मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में शिवभक्त कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगातार गूंजते रहे। सावन के दूसरे सोमवार के चलते आसपास के जिलों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचे। कानपुर के साधु बोले- 35-40 साल से आ रहे लोधेश्वर महादेवा में श्रद्धालुओं की आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिले। कानपुर से आए 75 वर्षीय एक साधु ने बताया कि वह पिछले 35 से 40 वर्षों से लगातार बाबा महादेवा के दर्शन के लिए यहां आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में आने से मन को शांति मिलती है। फर्रुखाबाद से पहुंचे 26 वर्षीय श्रद्धालु अर्पित चौरसिया ने भी अपनी आस्था साझा की। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेवा में आकर मन को असीम शांति मिलती है और बाबा की महिमा का वर्णन शब्दों में करना मुश्किल है। पुलिस बल तैनात, श्रद्धालुओं ने बताई व्यवस्थाओं की स्थिति श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की टीमें भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने में जुटी हैं। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की, हालांकि कुछ लोगों ने स्नान और घाटों की व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और जलाभिषेक का क्रम सुचारु रूप से जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *