![]()
ललितपुर के बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिल्ला में आठ वर्षीय बालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है। रिपोर्ट में बच्चे के गले और चेहरे पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस अब हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, परिजनों का दावा है कि बच्चे की मौत कीटनाशक दवा पीने से हुई है। जानकारी के अनुसार, कक्षा तीन का छात्र अभय (8), पुत्र परीक्षित बुनकर, 4 अगस्त की शाम करीब चार बजे घर के एक कमरे में मृत अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर मृतक की चाची पुष्पा ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार शाम करीब पांच बजे आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अभय के गले के दोनों ओर तथा चेहरे पर चोट के निशान पाए गए। इसके अलावा उसके पेट में सफेद रंग का पदार्थ भी मिला है, जिसकी जांच कराई जा रही है। मृतक के चाचा हरिकिशन ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी और बेटी घर के एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान अभय ने खाना मांगा, जिस पर उसकी चाची ने उसे दूसरे कमरे में जाकर खाने के लिए कहा। दोपहर करीब दो बजे उनकी पत्नी खेत पर चली गईं और घर में ताला लगा दिया। शाम करीब चार बजे लौटने पर दूसरे कमरे का ताला खुला मिला, जहां अभय मृत अवस्था में पड़ा था। हरिकिशन ने बताया कि अभय की मां काफी समय पहले उसे और उसके पिता को छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह अपनी दादी और चाची के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार, जिस कमरे में अभय का शव मिला, वहां एक कुर्सी रखी हुई थी। कमरे से कीटनाशक दवा की एक खाली शीशी और एक गिलास में घुली हुई कीटनाशक दवा भी बरामद हुई है। थानाध्यक्ष अरुण तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और सभी संभावित बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
ललितपुर में 8 वर्षीय बच्चे की मौत:पोस्टमार्टम में गले और चेहरे पर चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी