![]()
कानपुर में दिनदहाड़े मां-बेटे को गनपॉइंट पर बंधक बनाकर 10 लाख रुपये की लूट करने वाले गैंग के दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार रात करीब 10:30 बजे अलकनंदा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की। एक गोली सरकारी जीप में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों के पैरों में गोली मारकर दबोच लिया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि श्यामनगर के सी-ब्लॉक भल्ला टटिया में हुई 10 लाख रुपये की लूट के मामले में बुधवार को गैंग के मास्टरमाइंड प्रशांत उर्फ मोनू शुक्ला को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने अपने साथियों रफीक, शफीक, विजय और कमल के नाम बताए थे। चारों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। घिरते ही पुलिस पर बरसाईं गोलियां पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी कमल वाल्मीकि और शफीक अहमद अलकनंदा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली सरकारी जीप में जा लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कमल वाल्मीकि और शफीक अहमद के पैरों में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों मौके पर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल में भर्ती, हथियार बरामद घायल बदमाशों को कड़ी सुरक्षा के बीच कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल अन्य सामान बरामद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार चल रहे दो अन्य इनामी आरोपी रफीक और विजय की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लूट का माल भी बरामद कर लिया जाएगा।
Source link
10 लाख की लूट के 2 आरोपियों का हाफ एनकाउंटर:कानपुर में दौड़ाकर पैर में गोली मारी, पुलिस जीप पर 4 गोलियां चलाई थीं