![]()
ललितपुर के कटरा बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक साड़ी की दुकान से चोरी का मामला सामने आया है। दो महिलाओं और एक युवती ने ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित व्यापारी ने फुटेज के आधार पर पुलिस से शिकायत कर आरोपियों की पहचान और चोरी हुई साड़ियों की बरामदगी की मांग की है। कोतवाली क्षेत्र के नेहरूनगर जुगपुरा निवासी कपड़ा व्यापारी जितेंद्र राय पुत्र अशोक राय की कटरा बाजार में ‘विद्या साड़ी सेंटर’ नाम से दुकान है। शुक्रवार, 7 अगस्त को सुबह करीब 11:35 बजे दुकान पर ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान दो महिलाएं और उनके साथ जींस पहने एक युवती दुकान के आसपास मौजूद थीं। दुकानदार अन्य ग्राहकों को साड़ियां दिखाने में व्यस्त था। इसी का फायदा उठाकर तीनों ने कथित तौर पर दुकान से दो साड़ियां उठाईं और चुपचाप वहां से निकल गईं। कुछ देर बाद स्टॉक का मिलान करते समय साड़ियां गायब होने का पता चला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पूरी वारदात सामने आई। पीड़ित व्यापारी ने सदर क्षेत्राधिकारी को एक प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और चोरी हुई साड़ियों की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश जारी है।
Source link
ललितपुर में साड़ी दुकान से चोरी:दो महिलाएं सीसीटीवी में कैद, दुकानदार ने पुलिस में शिकायत की