![]()
ललितपुर के ग्राम खोंखरा में 9 जून को आई बेमौसम आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान कई घरों के टीन उड़ गए और चार लोग घायल हो गए। बुधवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक मदद और राहत कार्य की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि 9 जून की शाम करीब 3:30 बजे अचानक तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण कई मकानों की छतें उड़ गईं, पेड़ धराशायी हो गए और लोगों की घरेलू संपत्ति को भी भारी क्षति पहुंची। आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन अब तक मौके पर कोई प्रभावी सर्वेक्षण या राहत कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे प्रभावित परिवारों में नाराजगी है।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि राजस्व एवं संबंधित विभागों की टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाए। साथ ही, जिन परिवारों के मकान, पशु या अन्य संपत्ति को क्षति पहुंची है, उन्हें शासन की ओर से निर्धारित मुआवजा दिलाया जाए। ग्रामीणों ने घायलों के समुचित उपचार और आपदा राहत मद से आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की है।
Source link
ललितपुर में आंधी-बारिश से घरों के टीन उड़े:चार लोग घायल, ग्रामीणों ने मुआवजे और राहत कार्य की मांग की