लखनऊ में पूर्व प्रेमिका पर तेजाब फेंकने वाला गिरफ्तार:दूसरे युवक के साथ देखकर रची थी साजिश, भदोही से थार में साथियों संग आया था


लखनऊ के चिनहट में युवती पर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भदोही निवासी अतहर रजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूर्व प्रेमिका से बदला लेने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था। वह अपने चार साथियों के साथ थार गाड़ी से भदोही से लखनऊ आया और युवती पर तेजाब फेंककर फरार हो गया। चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पूर्वी जोन सर्विलांस टीम और चिनहट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी अतहर रजा को भदोही के काजीपुर कस्बे के पास से गिरफ्तार किया गया। वह पेशे से कालीन मजदूर है। लखनऊ आकर की थी रेकी पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती पहले भदोही के एक निजी अस्पताल में काम करती थी और दोनों की लंबे समय से जान-पहचान थी। बाद में युवती भदोही छोड़कर लखनऊ आ गई। यहां वह दूसरे युवक के साथ रहने और घूमने लगी। युवती ने उससे संपर्क भी खत्म कर दिया और उसके फोन कॉल रिसीव करना बंद कर दिए। इससे नाराज होकर अतहर ने कुछ दिन पहले लखनऊ आकर युवती की रेकी की और हमला करने की योजना बनाई। थार से साथियों संग पहुंचा, दुकान पर किया हमला पुलिस के अनुसार, अतहर अपने साथी एहसान, साजिद, अरहम और थार चालक तालिब के साथ 14 जुलाई को भदोही से लखनऊ पहुंचा। चिनहट के सतरिख रोड स्थित गृह एन्क्लेव में ऋषभ सिंह की दुकान पर युवती ऋषभ के साथ बैठी थी। इसी दौरान अतहर ने अपने साथ लाया तेजाब युवती और ऋषभ पर फेंक दिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह युवती का चेहरा खराब करना चाहता था। चार आरोपी अब भी फरार इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी अतहर रजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके फरार साथी एहसान, साजिद, अरहम और तालिब की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *