![]()
लखनऊ के झूलेलाल वाटिका स्थित गोमती तट पर गुरुवार को सनातन महासभा की ओर से 155वीं आदि गंगा मां गोमती महाआरती का आयोजन किया गया। श्रावण और पूर्णिमा के अवसर पर महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण की अगुवाई में महाआरती हुईं । इसमें स्वामी कौशिक चैतन्य और स्वामी आनंद नारायण के सानिध्य में सात मंचों से एक साथ शंखनाद किया गया। इसके बाद सात आचार्यों ने विधि-विधान से मां गोमती की महाआरती संपन्न कराई। आरती के बाद 501 दीपों से गोमती तट रोशन हो उठा। दीपों की रोशनी से घाट का नजारा दीपावली जैसा दिखाई दिया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम में वृक्षों को रक्षासूत्र बांधा गया। साथ ही, गोमती नदी में रक्षासूत्र प्रवाहित कर नदी की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर स्वस्थ जीवन की कामना के लिए पार्थिव शिवलिंग का सामूहिक रुद्राभिषेक भी किया गया। कार्यक्रम में भजन गायिका शशि गुप्ता और मीरा तिवारी ने अपने भजनों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रवि कचरू, एडवोकेट दीपक सिंह, उमेश त्रिपाठी, सुधांशु शुक्ला, पल्लवी सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Source link
लखनऊ में गोमती तट पर 155वीं महाआरती:501 दीपों से सजाया गोमती तट; नदी की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लिया