लखनऊ में किशोर कुमार को समर्पित संगीतमय शाम:कबीर इन में शहर के कलाकारों ने दी प्रस्तुति


लखनऊ के सदर बाज़ार कैंट स्थित कबीर इन में संगीत प्रेमियों के लिए एक विशेष संगीतमय शाम का आयोजन किया गया। ‘साज़ और आवाज़ – एक शाम किशोर कुमार के नाम’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के कलाकारों ने किशोर कुमार के अमर गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ रक्षा मंत्रालय (भारत सरकार, छावनी परिषद लखनऊ) के नामित सदस्य प्रमोद शर्मा, अखिल भारत हिंदू महासभा के अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह और डॉ. रंजीता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने भारतीय संगीत में किशोर कुमार के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कलाकारों ने किशोर कुमार के लोकप्रिय नगमे गाए कार्यक्रम की शुरुआत से ही माहौल किशोर कुमार के सुरों के जादू में डूब गया। कलाकारों ने ‘रूप तेरा मस्ताना’, ‘ज़िंदगी एक सफ़र है सुहाना’ और ‘आने वाला पल जाने वाला है’ जैसे लोकप्रिय नगमे गाकर दर्शकों को थिरकने और साथ गुनगुनाने पर मजबूर कर दिया। ‘ज़िंदगी का सफ़र, है ये कैसा सफ़र’ जैसे गीतों ने श्रोताओं के दिलों को छू लिया और किशोर दा की यादें ताज़ा कर दीं। गायकों की शानदार जुगलबंदी देखने को मिली गायिका अंकिता सिंह और अन्य साथी कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी, जिससे शाम और भी रंगीन हो गई। ‘गाता रहे मेरा दिल’ और ‘कोरा कागज़ था यह मन मेरा’ जैसे मशहूर युगल गीतों पर गायकों की शानदार जुगलबंदी देखने को मिली। गायकों के साथ-साथ संगीत प्रेमियों के उत्साह ने इस शाम को यादगार बना दिया। शाम को शुरू हुआ यह संगीतमय कार्यक्रम देर रात तक जारी रहा। कबीर इन का प्रेक्षागृह संगीत प्रेमियों की मौजूदगी से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया, जिसके बाद किशोर कुमार के गीतों की इस सुरीली महफिल का समापन हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *