![]()
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) से ऑटो सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले जेई का मुंह दबाकर उनकी पिटाई की, फिर 20 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद उन्हें चलते ऑटो से सुनसान जगह पर धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित अश्विनी कुमार वर्मा बाराबंकी के सुबेहा उपकेंद्र पर अवर अभियंता के पद पर तैनात हैं और मड़ियांव के महर्षि नगर में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई की रात बेटे की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह बाराबंकी से लखनऊ पहुंचे। प्रधान मैरिज लॉन के पास से घर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए। ऑटो में चालक समेत पहले से चार लोग बैठे थे। कुछ दूरी चलने के बाद चालक ने ऑटो मुख्य मार्ग छोड़कर मधुवन विहार कॉलोनी की गलियों की ओर मोड़ दिया। रास्ता बदलने पर उन्होंने आपत्ति जताई तो पीछे बैठे बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उनके पास मौजूद 20 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद सुनसान स्थान पर उन्हें चलते ऑटो से नीचे धक्का देकर फरार हो गए। किसी तरह सड़क तक पहुंचने के बाद अश्विनी कुमार ने एक राहगीर से मदद मांगी और उसके मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ अहम सुराग मिले हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
लखनऊ में ऑटो में बैठे जेई से लुट:20 हजार नकद और दो मोबाइल लूटे: विरोध करने पर मारपीट कर चलते ऑटो से फेंका