मोतीगंज मंडी में खराब सड़कों से माल ढुलाई प्रभावित:आदर्श मंडी की मांग पर व्यापारियों ने मेयर-विधायक के सामने रखीं सड़क-सफाई की समस्याएं


मोतीगंज को आदर्श मंडी बनाने की घोषणा के बावजूद यहां सड़क, सफाई, जलभराव और आवागमन की समस्याएं बनी हुई हैं। व्यापारियों का कहना है कि मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन खराब सड़कों के कारण व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। बारिश के दौरान जलभराव से परेशानी और बढ़ जाती है। व्यापारियों ने मंडी की सड़कों की मरम्मत, नियमित सफाई और सुगम यातायात के लिए स्थायी कार्ययोजना बनाने की मांग की। श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति की ओर से लोहा मंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में व्यापारिक समस्याओं को लेकर गोष्ठी और पारिवारिक स्नेह मिलन आयोजित किया गया। इसमें मेयर हेमलता दिवाकर और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल समेत जनप्रतिनिधियों के सामने व्यापारियों ने मंडी की समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने कहा कि मोतीगंज शहर का प्रमुख खाद्य व्यापारिक केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी मात्रा में व्यापार होता है, ऐसे में सड़क और आवागमन की बेहतर व्यवस्था जरूरी है। उनका कहना था कि आदर्श मंडी सिर्फ घोषणा से नहीं, बल्कि बेहतर सड़क, सफाई, जलनिकासी और यातायात व्यवस्था से बनेगी।
मेयर हेमलता दिवाकर ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और व्यापारिक क्षेत्रों की सुविधाओं में सुधार के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में सहयोग का भरोसा दिलाया।
गोष्ठी के बाद पारिवारिक स्नेह मिलन हुआ। वृंदावन से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य, फूलों की होली और सावन की मल्हार की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में व्यापारियों और उनके परिवारों ने दाल-बाटी के साथ स्नेह मिलन का आनंद लिया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल, महामंत्री शैलेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मयंक मंगल, उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *