![]()
कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में खेत में काम करते समय एक युवक की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद तेज बारिश के बीच पुलिस, राजस्व टीम और ग्रामीणों ने शव को मशीन से निकालने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे रूरा थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय दिलशाद पुत्र जाहिद खां, निवासी गुजराई थाना गजनेर के रूप में हुई है। रोटावेटर की चपेट में आने से दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, खेत की जुताई कर रहे ट्रैक्टर को शार्दुल पुत्र जोगेंद्र, निवासी लालपुर चला रहा था। शार्दुल मृतक दिलशाद का मामा बताया जा रहा है। खेत और ट्रैक्टर के मालिक घनश्याम पुत्र रामनारायण यादव, लालपुर के रहने वाले हैं। हादसे के बाद दिलशाद का शव रोटावेटर में बुरी तरह फंस गया था, जिससे उसे तुरंत निकालना मुश्किल हो गया। इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई, जिसने बचाव कार्य में बाधा डाली। शव को मशीन से बाहर निकालने के लिए एक मिस्त्री को मौके पर बुलाया गया। घटना की सूचना मिलते ही रूरा थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटना स्थल पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और स्थिति सामान्य है। शव को रोटावेटर से निकालने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source link
रोटावेटर में फंसकर युवक हुआ टुकड़े-टुकड़े:कानपुर देहात खेत में काम के दौरान हादसा, घंटों बाद निकाला जा सका शव