भैंसे मुन्ना की तलाश में SP ऑफिस पहुंचे ग्रामीण:मैनपुरी में बोले- हमारा भैंसा 1.20 लाख में बेच दिया, 3 साल पहले चंदा जुटाकर हरियाणा से खरीदा था


मैनपुरी में ग्रामीणों ने लाडले भैंसे ‘मुन्ना’ को खोजने की गुहार लेकर सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि पड़ोसी गांव दिवरोली के कुछ लोगों ने मुन्ना को कथित तौर पर चोरी कर 1 लाख 20 हजार रुपए में बेच दिया। मामला दन्नाहार थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव का है। चंदा जुटाकर हरियाणा से खरीदा था मुन्ना ग्रामीणों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले पूरे गांव ने चंदा इकट्ठा कर हरियाणा के रोहतक से मुन्ना को खरीदा था। गांव लाने के बाद उसका नाम मुन्ना रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के देवी मंदिर में पूजा-पाठ और विधि-विधान करने के बाद मुन्ना को गांव में रखा गया। इसके बाद वह ग्रामीणों के लिए सिर्फ पशु नहीं, बल्कि गांव के एक सदस्य जैसा बन गया। कई दिनों से नहीं दिखा तो शुरू की तलाश ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मुन्ना गांव में नजर नहीं आया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को कथित तौर पर पता चला कि पड़ोसी गांव दिवरोली के कुछ लोगों ने मुन्ना को बेहोश कर 2 सितंबर को 1.20 लाख रुपए में बेच दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने दूसरे पक्ष के लोगों से मुन्ना के बारे में जानकारी मांगी तो उनके साथ विवाद और झगड़ा किया गया। चौकी पर सुनवाई न होने का आरोप ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पहले पुलिस चौकी पर की थी, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद दो दर्जन से ज्यादा ग्रामीण एकजुट होकर एसपी कार्यालय पहुंचे और मुन्ना को तलाशने के साथ ही मामले में कार्रवाई की मांग की। पोस्टर बनाकर सोशल मीडिया पर तलाश मुन्ना को खोजने के लिए ग्रामीणों ने अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद भी ली है। AI से मुन्ना के पोस्टर तैयार कराए गए हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पोस्टर के जरिए मुन्ना के बारे में कोई जानकारी मिल सकेगी। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई है। दोनों पक्षों को तीन दिन का समय दिया गया है, जिस पर वे सहमत हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *