रूपा पटेल ने सर्बिया में भारत का प्रतिनिधित्व:मिर्जापुर की बेटी ने बढ़ाया मान, कृषि शोध को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में किया प्रैजेंट


मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र के पचेंगड़ा गांव निवासी किसान शिव कुमार सिंह की पुत्री रूपा पटेल ने सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कृषि विज्ञान संस्थान की पीएचडी शोधार्थी रूपा ने इस उपलब्धि से जनपद का नाम रोशन किया। यूनिवर्सिटी ऑफ बेलग्रेड में आयोजित “दक्षिण-पूर्वी यूरोपीय अंतरराष्ट्रीय सूक्ष्मजीव विज्ञान सम्मेलन-2026” में रूपा पटेल ने माइक्रोबियल साइंस के क्षेत्र में अपने शोध कार्य को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। इस सम्मेलन में दुनिया भर के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने भाग लिया, जिन्होंने नवीनतम शोध एवं नवाचारों पर विचार-विमर्श किया। रूपा पटेल ने पोस्टर प्रेजेंटेशन और फ्लैश टॉक के माध्यम से अपने शोध का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनका शोध सूक्ष्मजीव समूहों के उपयोग से सब्जी फसलों की उत्पादकता, गुणवत्ता एवं पोषण मूल्य बढ़ाने पर केंद्रित है। इस शोध को कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों के कम उपयोग और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली रूपा पटेल अपने गांव की पहली छात्रा हैं, जो बीएचयू से पीएचडी कर रही हैं और किसी यूरोपीय देश में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। रूपा पटेल ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेना उनके लिए सीखने और अनुभव प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। इस दौरान उन्हें विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों से संवाद करने, नए शोध दृष्टिकोणों को समझने और अपने कार्य को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विशेष बात यह रही कि रूपा पटेल का चयन सम्मेलन में ग्रांट अवार्डी के रूप में हुआ। वह वर्तमान में प्रतिष्ठित कृषि वैज्ञानिक प्रो. अमितावा रक्षित के मार्गदर्शन में पीएचडी शोध कार्य कर रही हैं। उनके शोध को कृषि विज्ञान के क्षेत्र में नवाचारपूर्ण एवं उपयोगी योगदान माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर हरिवंश सिंह, अनिल सिंह, निराले सिंह, शैलेन्द्र सिंह, विनोद कुमार सिंह सहित क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *