![]()
अयोध्या जिले के रुदौली क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में सुधार के दावों के बावजूद उपभोक्ताओं की समस्याएँ बनी हुई हैं। क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज, बार-बार फाल्ट, ट्रिपिंग और बाधित विद्युत आपूर्ति से लोग परेशान हैं। विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की कमी का हवाला देकर समस्याओं के समाधान में देरी कर रहे हैं। बारिश न होने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए बिजली पर अधिक निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे उनकी समस्याएँ और बढ़ गई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने लोहियापुल स्थित फेलसंडा डिवीजन कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक की। बैठक में नगरवासियों द्वारा बताई गई विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। उसके बावजूद भी विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। विधायक ने विद्युत आपूर्ति, लाइन मरम्मत, बार-बार ट्रिपिंग, बिलिंग और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में निर्बाध, सुचारू और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया। रामचंद्र यादव ने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक घर तक निरंतर एवं बेहतर विद्युत सुविधा पहुँचे। हालांकि, शनिवार दोपहर बाद क्षेत्रीय लोगों से विद्युत व्यवस्था के बारे में जानकारी लेने पर स्थिति में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला। शनिवार को दोपहर बाद प्रदीप कुमार, राधेश्याम, आलोक, कुमार दिनेश यादव, विजय सिंह और रामकुमार सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि विधायक की बैठक के बाद भी बिजली की समस्याएँ जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि लो वोल्टेज और फाल्ट की समस्या से अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बारिश न होने से फसलों की सिंचाई के लिए बिजली पर निर्भरता बढ़ गई है, लेकिन पर्याप्त और सुचारू आपूर्ति न मिलने से सिंचाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link
रुदौली में बिजली व्यवस्था बदहाल:विधायक की बैठक के बाद भी समस्याएँ बरकरार, विद्युत उपभोक्ता परेशान