रिटायर्ड फौजी के घर 37 लाख की चोरी:26 दिन बाद भी नहीं खुलासा, पीड़ित ने CM पोर्टल पर लगाई न्याय की गुहार


हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र के सुठेना गांव में सेवानिवृत्त सैनिक रामनन्दन कन्नौजिया के घर हुई करीब 37 लाख रुपए की चोरी का 26 दिन बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। मामले में कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित ने सोमवार को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। रामनन्दन कन्नौजिया ने बताया कि 24 जून की रात चोर उनके घर से करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1.80 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद कछौना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन अब तक न चोरी का माल बरामद हुआ और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस वास्तविक आरोपियों तक पहुंचने के बजाय उनके ही परिवार के सदस्यों से बार-बार पूछताछ कर रही है। उनका कहना है कि यदि शुरुआत से तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जाती, तो अब तक घटना का खुलासा हो सकता था। सेवानिवृत्त सैनिक ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में बिताया, लेकिन अब अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने और न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच, चोरी गए माल की बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, कछौना थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए साइबर सर्विलांस, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार काम कर रही हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *