कांस्टेबल की आत्महत्या मामले में पत्नी पर केस:पिता ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप, बहू भी है सिपाही


हाथरस के गेट कोतवाली क्षेत्र में कांस्टेबल की आत्महत्या के मामले में सोमवार देर शाम नया मोड़ आ गया। मृतक कांस्टेबल मनु चौधरी के पिता और सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह अत्री की तहरीर पर पुलिस ने उनकी पत्नी एवं महिला आरक्षी सोनी पंवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देवेन्द्र सिंह अत्री, जो ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में प्रेम विवाह के बाद से ही सोनी पंवार उनके बेटे मनु चौधरी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थीं। उनका कहना है कि शादी के पहले दिन से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। बाद में कई बार झगड़े हुए और सोनी मायके चली गईं। मनु ने पहले वैवाहिक संबंध बचाने के लिए फैमिली कोर्ट का सहारा लिया, लेकिन जब बात नहीं बनी तो तलाक की याचिका दायर कर दी। बाद में समझौते के बाद सोनी वापस आईं, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आत्महत्या से कुछ दिन पहले मनु ने अपनी मां को बताया था कि सोनी पिछले कई महीनों से किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बातचीत और चैटिंग कर रही थीं। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पिता का दावा है कि मनु ने अपने मोबाइल फोन में इससे जुड़े कुछ साक्ष्य भी सुरक्षित किए थे। परिजनों के अनुसार, लगातार मानसिक तनाव के चलते मनु ने 1 जून को आत्महत्या कर ली। देवेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस को मिला मनु का मोबाइल सोनी पंवार ने हाथरस गेट थाने से अपने कब्जे में ले लिया। उन्हें आशंका है कि मोबाइल में मौजूद अहम साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *