रासायनिक खेती से बढ़ रहीं बीमारियां:गाजियाबाद में डिप्टी सीएम बोले- किसान प्राकृतिक खेती करें, कंपोस्ट खाद और पारंपरिक खेती अपनाएं


उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को गाजियाबाद दौरे पर पहुंचे। उन्होंने नवयुग मार्केट स्थित वाल्मीकि पार्क में “12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में उनके योगदान की सराहना की। इसके बाद, उपमुख्यमंत्री पाठक विकास भवन गए। वहां उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई थी। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। दौरे के दौरान विकास भवन में एक किसान कार्यशाला का भी आयोजन हुआ। इसमें उपमुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पाठक ने बताया कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और कई बीमारियां बढ़ रही हैं। उपमुख्यमंत्री ने किसानों को कंपोस्ट खाद और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे खेती की लागत कम होगी और लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री मिलेगी। पाठक ने जोर दिया कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनहित में कई महत्वपूर्ण फैसले ले रही है, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *