रायबरेली में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन:जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने किया शुभारंभ, योजनाओं की झलक दिखाई


रायबरेली में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती के अवसर पर राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार परिसर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर इस प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 22 से 24 अगस्त 2026 तक चलेगी। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा रायबरेली के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम इतिहास को चित्रों और डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। ओपन एयर थिएटर का निर्माण शामिल मीडियाकर्मियों से बातचीत में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि परिसर में पर्यटकों और आम जनमानस की सुविधा के लिए विभिन्न नए निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इनमें अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त गेस्ट हाउस, एक समृद्ध पुस्तकालय और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए ओपन एयर थिएटर का निर्माण शामिल है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि प्रदर्शनी में अमर शहीद राणा बेनी माधव बख्श सिंह के 1857-1858 के ऐतिहासिक स्वतंत्रता संग्राम, बेलीगार्ड लखनऊ और रायबरेली युद्धों में उनके योगदान को प्रमुखता से दर्शाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि 24 अगस्त को मुख्य जयंती समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक और स्मरण कार्यक्रम होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *