![]()
मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला क्षेत्र में नाला निर्माण को लेकर चल रहे विवाद और जलभराव की समस्या के बीच प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल शुक्रवार देर शाम मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री को हाल की बारिश के बाद घरों और गलियों में हुए जलभराव की समस्या से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि नाला निर्माण कार्य के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
आपको बता दें कि रामलीला टिल्ला से आबकारी कार्यालय होते हुए नदी तक नाले का निर्माण कराया जा रहा है। हाल ही में हुई बारिश के बाद क्षेत्र में जल निकासी प्रभावित होने से कई घरों और गलियों में पानी भर गया था। इसी की जानकारी मिलने पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। मंत्री ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, जल निकासी व्यवस्था और गुणवत्ता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा स्वीकार नहीं की जाएगी और यदि निर्माण कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि नाले का निर्माण निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्य प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
Source link
रामलीला टिल्ला पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल:जलभराव पर अधिकारियों और ठेकेदार को लगाई फटकार, निर्माणाधीन नाले का किया निरीक्षण