![]()
रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मोदी स्कूल के पास हुए एक सड़क हादसे में सॉल्वेंट लैबोरेट्रीज कंपनी के एरिया बिजनेस मैनेजर की मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान हृदय कुमार (45) के रूप में हुई है। वह सॉल्वेंट लैबोरेट्रीज कंपनी में एरिया बिजनेस मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। हृदय कुमार किसी आधिकारिक कार्य से बरेली से रामपुर आए थे और कार्य पूरा करने के बाद वापस लौट रहे थे। बताया गया कि मोदी स्कूल के निकट उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में हृदय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक नरेंद्र (22), निवासी लालपुर पट्टी कुंदन, थाना पटवाई भी घायल हो गया। उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। मृतक के पड़ोसी विकास ने बताया कि हृदय कुमार अपने पीछे पत्नी और लगभग 20 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी बेटी इंटरमीडिएट की छात्रा है, जबकि पत्नी गृहिणी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रामपुर में सड़क हादसे में बिजनेस मैनेजर की मौत:खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, ड्राइवर घायल