![]()
हाथरस के हसायन क्षेत्र में बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। थाना हसायन के गांव खेड़ा सुल्तानपुर में शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे दो सगे भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर में डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव खेड़ा सुल्तानपुर निवासी राजेश कुमार (45) और सुनील कुमार पुत्रगण भुजवीर सिंह सगे भाई हैं। शुक्रवार रात उनके बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। यह बच्चों का झगड़ा धीरे-धीरे बड़ों की आपसी मारपीट में बदल गया।मारपीट के दौरान सुनील के हाथ में डंडा आ गया और उसने अपने बड़े भाई राजेश कुमार के सिर पर वार कर दिया। डंडे की चोट इतनी गंभीर थी कि राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन राजेश को सिकंदराराऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग उसे एक निजी अस्पताल भी ले गए, लेकिन वहां भी उसे मृत बताया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे और शव को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। यह लोग शव को काफी दूर तक ले भी गए लेकिन पुलिस ने इसे जैसे तैसे इसे अपने कब्जे में लिया। इस बात को लेकर उनकी पुलिस से नोंक-झोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए कई थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक राजेश कुमार अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है।
Source link
भाई ने भाई के सिर में डंडा मारा, मौत:हाथरस में बच्चों को लेकर हुआ था विवाद, परिजनों की पुलिस से नोकझोंक