रामपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:परिजनों का आरोप, दहेज के लिए कमरे में पीटा फिर गला दबाकर की हत्या


रामपुर के थाना शहजादनगर क्षेत्र के जादोमपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतका किरन की शादी करीब दो वर्ष पहले जादोमपुर निवासी सुरेश से हुई थी, जो पेंटर का काम करता है। उनकी एक साल की बेटी भी है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष फ्रिज और पांच लाख रुपये नकद दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर किरन के साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों ने यह भी बताया कि पति सुरेश शराब पीता था और जब किरन उसे शराब पीने से मना करती थी, तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। मृतका के रिश्तेदार प्रेम सिंह के भाई ने आरोप लगाया कि किरन को पहले कमरे में पीटा गया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। उन्होंने दावा किया कि मृतका के शरीर और कमर पर चोट के निशान मौजूद हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। घटना के बाद ससुराल पक्ष के कई लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। थाना शहजादनगर पुलिस ने मृतका के पति सुरेश और उसके पिता रतन लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *