रात में जिला अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल:मरीजों से सीधे पूछा हालचाल, स्वास्थ्य सेवाओं की शिकायतों के बीच किया औचक निरीक्षण


मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने देर रात जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मंत्री बिना किसी पूर्व सूचना और औपचारिकता के सीधे अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने का प्रयास किया। जिला अस्पताल में इलाज के नाम पर अव्यवस्था, मरीजों को होने वाली परेशानियों, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर राज्यमंत्री ने देर रात अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मरीजों से उनके उपचार, चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या मरीजों के साथ दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। देर रात हुए इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंत्री के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी सक्रिय हो गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार के लिए निर्देश दिए गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *