![]()
सावन माह के पहले सोमवार पर भगवान राजेश्वर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा है। राजेश्वर मंदिर में लगने वाले पारंपरिक मेले का रविवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। मंदिर की आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी झालरें और रोशनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मेले के उद्घाटन के साथ ही बड़ी संख्या में लोग भगवान राजेश्वर के दर्शन, जलाभिषेक और मेले का आनंद लेने के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। मेले का उद्घाटन उत्तराखंड से आईं साध्वी प्राची ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। शुभारंभ के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ती रही। राजेश्वर मंदिर को विशेष विद्युत सज्जा, आकर्षक लाइटिंग और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है, जिसकी भव्यता लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। मंदिर परिसर में भगवान शिव के आदिनाथ स्वरूप की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिमा के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे हैं, जबकि भगवान राजेश्वर के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। कल सोमवार पर रहेगी विशेष व्यवस्था सावन के पहले सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के राजेश्वर मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। दर्शन के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। वहीं, मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके। कांवड़ियों के जलाभिषेक के लिए अलग व्यवस्था की गई है। जिस समय कांवड़िये भगवान राजेश्वर का जलाभिषेक करेंगे, उस दौरान कुछ समय के लिए पुरुष श्रद्धालुओं की सामान्य दर्शन लाइन रोक दी जाएगी, ताकि जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर प्रशासन, स्वयंसेवक और सुरक्षा कर्मी पूरे समय तैनात रहेंगे।
Source link
राजेश्वर मंदिर पर लगने वाले मेले का हुआ शुभारंभ:उत्तराखंड की साध्वी सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल, आकर्षक लाइट्स से सजा शिवालय