बागपत में प्रसव के बाद युवती की मौत:शादी का झांसा देकर गर्भवती करने का आरोप, पुलिस जांच जारी


बागपत कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह 20 वर्षीय युवती की प्रसव के बाद महिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने ग्राम निरपुड़ा निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर युवती को गर्भवती करने का आरोप लगाया और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, युवती लंबे समय से पथरी की समस्या से पीड़ित थी और उसे अक्सर पेट में दर्द रहता था। एक अगस्त को भी दर्द होने पर उसने घर में रखी दवा ली, लेकिन राहत नहीं मिली। देर रात तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे गांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां इंजेक्शन और दवाइयां दी गईं। घर लौटने के कुछ समय बाद युवती ने घर के बाहर एक नवजात बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें युवती के गर्भवती होने की कोई जानकारी नहीं थी। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसे तत्काल बागपत के महिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के समय वहां केवल नर्सिंग स्टाफ मौजूद था और चिकित्सक उपलब्ध नहीं थे, जिससे समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम निरपुड़ा निवासी एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए थे, जिसके चलते वह गर्भवती हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महिला चिकित्सालय के सीएमएस अनुराग वैष्णव ने बताया कि युवती का प्रसव उनके अस्पताल में नहीं हुआ था। उनके अनुसार, युवती को अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति में अस्पताल लाया गया था और इसी कारण उसकी मौत हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *