![]()
आगरा के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र राजामंडी में 28 अप्रैल को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। इस दौरान व्यापारियों और नगर निगम की टीम के बीच काफी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद नगर निगम की टीम यहां सक्रिय है। दुकानदारों को लगातार अतिक्रमण न करने हिदायत दी जा रही है।
एनाउंसमेंट किया जा रहा है कि ‘ये प्रशासन का आदेश है…रोड-फुटपाथ पर वाहन खड़े नहीं होंगे।’ अतिक्रमण न करने की चेतावनी
आगरा के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र राजामंडी बाजार में गुरुवार को नगर निगम की सख्ती पूरे दिन देखने को मिली। फुटपाथ, नालियों और सड़कों पर लगने वाली फड (अस्थायी दुकानें) को रोकने के लिए नगर निगम का टास्क फोर्स सुबह से ही मौके पर डटा रहा। कार्रवाई के दौरान मुनादी कराकर दुकानदारों और फड़ लगाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम की टीम ने बाजार के मुख्य मार्गों और गलियों में लगातार गश्त की। जैसे ही कहीं फड़ या सामान फुटपाथ पर रखने की कोशिश हुई, टीम ने तुरंत उसे हटवा दिया। इस दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। कार्रवाई के डर से कई व्यापारियों ने खुद ही अपना सामान अंदर कर लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ और नालियां आमजन की सुविधा के लिए होती हैं, इन पर अतिक्रमण करने से न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि जल निकासी व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसलिए ऐसे अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम कर्मियों द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कर लोगों को जागरूक भी किया गया। मुनादी में बताया गया कि यदि दोबारा फड़ लगाई गई या अतिक्रमण किया गया तो संबंधित के खिलाफ जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शहर के अन्य बाजारों में भी इसी तरह की सख्ती बरती जाएगी, ताकि सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके।
Source link
'ये प्रशासन का आदेश है…रोड-फुटपाथ पर वाहन नहीं होंगे खड़े':राजामंडी बाजार में नगर निगम की टीम रही मुस्तैद, फुटपाथ पर नहीं सजा बाजार