![]()
बाराबंकी नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व नगर उपाध्यक्ष आलोक सिंह त्यागी (27) का निधन हो गया। यह घटना तब हुई जब वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक, लखपेड़ाबाग मोहल्ला निवासी आलोक सिंह त्यागी पुत्र स्वर्गीय सुखबीर सिंह बुधवार देर रात नगर कोतवाली के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आलोक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों और रिश्तेदारों ने बताया कि आलोक सिंह त्यागी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष रह चुके थे। वह सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेते थे। नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को अपने कब्जे में ले लिया। वाहन चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
युवा भाजपा नेता आलोक त्यागी की सड़क हादसे में मौत:तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को टक्कर मारी, ड्राइवर गिरफ्तार