नकली QR कोड लगाकर बिहार भेजी जा रही थी शराब:लखनऊ में 1370 बोतल बरामद; एक गिरफ्तार


लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के बड़े कारोबार का खुलासा किया है। वृंदावन योजना के सेक्टर-10 स्थित एक मकान पर छापेमारी कर 1370 बोतल संदिग्ध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में बोतलों पर लगे QR कोड, ब्रांड लेबल और ढक्कन नकली पाए गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शराब की आपूर्ति और नकली लेबल तैयार करने वाले नेटवर्क की तलाश की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई में टीम ने अनिल वर्मा निवासी आजादनगर, कृष्णानगर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की आपूर्ति आजमगढ़ निवासी विमल यादव के माध्यम से होती थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि नकली QR कोड, ब्रांड लेबल और ढक्कन लगाकर शराब को असली बताकर बिहार भेजा जाता था, जिससे अधिक मुनाफा कमाया जा सके। छापेमारी के दौरान 8 PM प्रीमियम ब्लैक सुपीरियर व्हिस्की (180 एमएल) की 612 बोतल और आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रेन व्हिस्की (180 एमएल) की 758 बोतल, कुल 1370 बोतल (करीब 246.60 बल्क लीटर) बरामद की गई। आबकारी विभाग के मोबाइल एप से QR कोड स्कैन करने पर कोई डेटा नहीं मिला। इसके बाद जांच में बोतलों पर लगे QR कोड, ब्रांड लेबल और ढक्कन कूटरचित पाए गए, जिससे शराब के नकली होने की पुष्टि हुई। पुलिस और आबकारी विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *