![]()
कासगंज में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के दो क्षेत्रीय अधिकारियों, दीपेन्द्र सिंह और सौरभ सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश पर की गई है। दोनों अधिकारियों पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी को गुमराह करने, पीआरडी स्वयंसेवकों के फर्जी मस्टररोल प्रस्तुत करने और पीआरडी पोर्टल से छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप हैं। उन पर शासकीय कार्यों में बाधा डालने और कार्यालय की अलमारियों का ताला तोड़ने का भी आरोप है। इसके अलावा वरिष्ठ सहायक प्रेम प्रताप के साथ मारपीट का भी मामला दर्ज किया गया है। महानिदेशालय ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक अनुशासन एवं अपील नियमावली-1999 के तहत दोनों अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक जांच शुरू कर दी है। इस जांच के लिए उप निदेशक युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल बरेली मंडल, बरेली के आदित्य कुमार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दीपेन्द्र सिंह को चित्रकूट कार्यालय से और सौरभ सिंह को चंदौली कार्यालय से संबद्ध किया गया है। आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना अनुमति अपने संबद्ध स्थल नहीं छोड़ सकेंगे। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता भी प्रदान किया जाएगा। विभागीय स्तर पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक हलकों में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
Source link
युवा कल्याण विभाग के दो अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई:फर्जी मस्टररोल, पोर्टल छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में निलंबन