8 लाख की डीलिंग में सिपाही लाइन हाजिर:3 सिपाहियों का तबादला, अफीम तस्करी करने वाले 3 युवकों को छोड़ने का आरोप


बदायूं में इस्लामनगर थाना क्षेत्र में अफीम तस्करी के आरोप में पकड़े गए तीन युवकों को 8 लाख रुपए लेकर छोड़ने का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि 3 सिपाहियों को अलग-अलग थानों में भेज दिया गया। मामले की विभागीय जांच एसपी सिटी अभिषेक सिंह को सौंपी गई है। अफीम तस्करी के आरोप में पकड़े थे तीन युवक शनिवार रात इस्लामनगर पुलिस ने बरेली के सिरौली क्षेत्र के दो लोगों समेत तीन युवकों को पकड़ा था। आरोप था कि तीनों अफीम की तस्करी करते हैं। चर्चा है कि पुलिस को उनके पास से अफीम भी मिली थी। आरोप है कि तीनों को थाने लाने के बाद मुकदमा दर्ज करने के बजाय उन्हें छोड़ने के लिए सौदेबाजी हुई। कथित तौर पर 8 लाख रुपए लेने के बाद रविवार सुबह तीनों को छोड़ दिया गया। रकम ऑनलाइन लेने की पेशकश होने की भी बात सामने आई, लेकिन कथित तौर पर नकद रुपए लिए गए। जांच में चार सिपाहियों की भूमिका सामने आने की बात मामला सोमवार को एसएसपी के संज्ञान में आया। इसके बाद सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू को जांच सौंपी गई। इसी बीच प्रकरण की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर डीआईजी बरेली रेंज एके साहनी की ओर से भी पड़ताल कराए जाने की बात सामने आई। जांच में इस्लामनगर थाने के सिपाही अनुज चौधरी, काले सिंह, कपिल कुमार और रितिक तेवतिया की भूमिका सामने आने की बात कही गई। आरोप है कि चारों युवक को पकड़कर थाने लाने और उन्हें छोड़ने की कथित डीलिंग में शामिल थे। एक सिपाही लाइन हाजिर, तीन के तबादले मामले में एसएसपी अंकिता शर्मा ने रितिक तेवतिया को लाइन हाजिर कर दिया। अनुज चौधरी को फैजगंज बेहटा, काले सिंह को मुजरिया और कपिल कुमार को हजरतपुर थाने भेज दिया गया। डकैती के खुलासे के बाद भी इस्लामनगर में डटा रहा सिपाही रितिक तेवतिया करीब चार महीने पहले इस्लामनगर में हुई डकैती के खुलासे के लिए तीन अन्य सिपाहियों के साथ अटैच किया गया था। डकैती का खुलासा होने और 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद बाकी तीन सिपाही वापस चले गए, लेकिन रितिक इस्लामनगर थाने में ही तैनात रहा। अब 8 लाख रुपए की कथित डीलिंग में उसका नाम सामने आने के बाद थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि रितिक को सीओ बिल्सी का करीबी माना जाता है। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभागीय जांच में सामने आए तथ्यों पर होगी कार्रवाई एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि मामले की विभागीय जांच एसपी सिटी अभिषेक सिंह को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *