मौलाना जर्सी की टिप्पणी पर मंत्री कपिलदेव अग्रवाल बोले:'गैर-जिम्मेदार बयानबाजी से माहौल बिगड़ता है', मुजफ्फरनगर में बैठक के बाद दी प्रतिक्रिया


मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने मौलाना जर्सी की भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गैर-जिम्मेदार बयानबाजी समाज का माहौल खराब करती है और सभी समुदायों के जिम्मेदार लोगों को ऐसे बयानों का विरोध करना चाहिए। शुक्रवार दोपहर मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रामपुरी क्षेत्र की जलभराव समस्या को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने यह बात कही। कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि कुछ लोगों की बुद्धि खराब हो जाती है और वे अनावश्यक बयान देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। उनके मुताबिक किसी भी धर्म या आस्था के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी समाज के हित में नहीं है और इससे केवल विवाद की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति प्राचीन, अनादि और शाश्वत है तथा करोड़ों वर्षों से चली आ रही है। ‘मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोग भी करें विरोध’ राज्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों को भी ऐसे बयानों का विरोध करना चाहिए। उनके अनुसार समाज के भीतर से ही इस प्रकार की बयानबाजी पर रोक लगाने का प्रयास होना चाहिए, ताकि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के जिम्मेदार लोगों को मिलकर शांति, आपसी सम्मान और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। रामपुरी में जलभराव पर अधिकारियों के साथ की समीक्षा इससे पहले कपिलदेव अग्रवाल ने पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के साथ पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पीडब्ल्यूडी, जल निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ रामपुरी क्षेत्र में जलभराव की समस्या की समीक्षा की। बैठक में नए और पुराने नक्शों के माध्यम से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का अध्ययन किया गया। अधिकारियों ने जलनिकासी की व्यवस्था और समस्या के स्थायी समाधान के लिए संभावित उपायों पर चर्चा की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *