![]()
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके परिजनों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम खिरना खुर्द निवासी कर्मवीर सिंह पुत्र लल्लू सिंह सोलंकी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 जून की रात करीब नौ बजे वह जिम से लौटकर अपने गांव जा रहा था। बकरी मंडी के पास पहले से घात लगाकर बैठे छह लोगों ने उसे रोका। आरोपियों ने उसकी बाइक की चाबी छीन ली और पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियारों व सरिया से हमला कर दिया। इस हमले में कर्मवीर के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। कर्मवीर किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा। इसी दौरान उसका भाई विपुल और भतीजा विजय, जो बाजार में किसी काम से आए थे, उसे घायल अवस्था में देखकर बचाने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन दोनों पर भी धारदार हथियारों और सरिया से हमला किया, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें लगीं। तहरीर के अनुसार, हमलावर विपुल को घसीटते हुए अपने घर की ओर ले जाने लगे। तभी मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी, जिसे देखकर आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। जाते समय आरोपियों ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें नगला ऊसर निवासी सुभाष पुत्र बाबूराम बहेलिया, अंकित, लव और विष्णु पुत्रगण सुभाष बहेलिया, तथा मोहल्ला कानूनगोयान, कुरावली निवासी करन सैनी और अंकित सैनी पुत्रगण रमाशंकर शामिल हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
Source link
मैनपुरी में युवक और परिजनों पर धारदार हथियार से जानलेवा:जिम करके लौट रहा था युवक, बाइक की चाबी छीन किया वार; FIR