मैं पहला विधायक जो कभी विदेश नहीं गया:सपा MLA धर्मराज यादव बोले– सरकार रहती तो बाराबंकी को हजरतगंज बना देता


बाराबंकी सदर विधानसभा से लगातार तीन बार के सपा विधायक धर्मराज उर्फ सुरेश यादव का कहना है कि जनता ही जनप्रतिनिधियों के काम का असली मूल्यांकन करती है। उन्होंने दावा किया कि अपने कार्यकाल में क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क और बिजली से जोड़ने का काम किया गया। किसानों की समस्याओं और शहर में जाम के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए अफसोस जताया है। मैं शायद पहला विधायक रहा हूं जो आज तक विदेश नहीं गया। दैनिक भास्कर रिपोर्टर से खास बातचीत में विधायक ने बेबाकी से जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: योगी सरकार के चार साल को आप कैसे देखते हैं? जवाब : सरकार को काम करने का अधिकार जनता और संविधान देता है, लेकिन किसानों की कई समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। खाद और बीज की समय पर उपलब्धता बड़ी चुनौती है। जो मुफ्त बीज की बात करते हैं, वह आप अगर जाँच करा लें मिनी किट की तो मिनी किट में बार-बार वही नाम दोहराए हुए नज़र आएँगे अगर रजिस्टर देखा जाए तो 50% पर तो वही नाम दोबारा आएँगे। और जब फसल बो जाती है, तब मिनी किट, मुफ्त में देने का काम कर रहे हैं। सवाल: अपने कामकाज को 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब : नंबर देना जनता का काम है। हम अपनी कॉपी खुद नहीं जांच सकते। जनता ने अब तक हमें सेवा का मौका दिया है, वही तय करेगी। सरकार में रहते हुए अखिलेश यादव ने मुझसे कहा था कि जितना भी पैसा लगेगा देंगे, इस शहर को हजरतगंज बना दो। हजरतगंज तो नहीं बना पाए, क्योंकि सरकार नहीं रही, लेकिन जितना संभव हुआ हमने बेहतर काम करने का प्रयास किया। सवाल: सबसे बड़ा काम कौन सा कराया? जवाब : जब मैं 2012 से 2017 में पहली बार विधायक हुआ था, तब बिजली के लिए रोज़ धरना प्रदर्शन हुआ करते थे। हमने तत्कालीन सीएम अखिलेश यादव से अनुरोध किया कि सभी विधानसभाओं में एक-एक पावर हाउस बने। उन्होंने डबल पावर का पड़रा में पावर हाउस बनवाया। 33/11 के बहुत से सब-स्टेशन बने और न जाने कितने ट्रांसफार्मर बदले गए, क्षमता वृद्धि हुई। बाराबंकी में लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिली। 33 हजार का एक सब स्टेशन बनाकर सरकारी अस्पताल को बिजली दिलवाई। सवाल : कौन सा काम अभी तक नहीं हो पाया? जवाब : शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए जिलाधिकारी आवास से गोंडा तिराहे तक फ्लाईओवर बनाने की योजना थी, लेकिन यह अभी तक नहीं हो पाई। नहर की पटरी पर सड़क बनाने की भी मांग की जा रही है। सवाल: बाराबंकी में तीन बार जीत दर्ज की है, इसके पीछे क्या वजह मानते हैं? जवाब: सरकारी नौकरी से ज्यादा हम मेहनत करते हैं। समय से ऑफिस बैठते हैं, समय से मुलाकात करते हैं। समय से गांव जाते हैं। मैं पहला विधायक हूं जो कभी विदेश नहीं गया। पासपोर्ट बने 10 साल बीत गए। हमने विधायक निधि की चोरी नहीं की सवाल : क्या 2027 में फिर चुनाव लड़ेंगे? जवाब :टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व करता है। जनता का आशीर्वाद मिला तो आगे भी चुनाव लड़ेंगे और सेवा करते रहेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *